प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन ने राज्य में एनआरसी लागू करने को लेकर कहा कि हम राज्य के हित को ध्यान में रखते हुए ही इसपर कोई फ़ैसला करेंगे। बता दें कि झारखंड में जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन सरकार बनाने जा रही है। झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास बीजेपी के बाग़ी उम्मीदवार सरयू राय से हार गए हैं। इस प्रदेश के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपनी हार भी स्वीकार कर ली है। इस बीच जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष और भावी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य की जनता को धन्यवाद दिया। हेमंत सोरेन ने कहा कि इस राज्य के लिए नया अध्याय शुरू होगा।
हेमंत सोरेन ने कहा कि निश्चित रूप से आज की यह जीत झारखंड के लोगों के लिए उत्साह का दिन तो है कि, लेकिन मेरे लिए भी आज का दिन एक संकल्प लेने का दिन है। राज्य की जनता यहां के लोगों के आकांक्षाओं को पूरा करने का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने कहा कि यह सिबू सोरेन जी की मेहनत का परिणाम है, जिन उद्देश्यों के लिए यह राज्य बना था उसे पूरा करने का समय आ गया है।
जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद हेमंत सोरेन ने कहा कि आज झारखंड प्रदेश का लगभग 40 दिन का चुनावी यात्रा का अंतिम दिन है और कई चीज़ें स्पष्ट हो चुकी हैं और कुछ होनी बाक़ी हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता ने जो जनादेश दिया है, इसके लिए मैं राज्य के मतदाताओं का आभार प्रकट करता हूं। सोरेन ने कहा कि, निश्चित रूप से आज की यह जीत झारखंड के लोगों के लिए उत्साह का दिन तो है, लेकिन मेरे लिए आज का दिन एक संकल्प लेने का है।